जमशेदपुर:
Jamsedpur News: रांची के RIMS की 9.65 एकड़ जमीन की कथित फर्जी खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शुक्रवार सुबह ACB की टीम ने गिरफ्तार रांची सदर के तत्कालीन LRDC मनोज कुमार रंजन के जमशेदपुर स्थित आवास पर छापेमारी की। मानगो NH स्थित सन सिटी के बंगला नंबर-173 में पहुंची टीम को मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। इसके बाद ताला कटवाकर टीम ने घर में प्रवेश किया और घंटों तलाशी ली। इस दौरान अलमारी का लॉक नहीं खुलने पर मिस्त्री को बुलाया गया। अलमारी का ताला कटवाकर उसमें रखे दस्तावेजों की जांच की गई। तलाशी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए।

पांच वाहनों से पहुंची ACB की टीम, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी
ACB डीएसपी इंद्रदेव राम के नेतृत्व में पांच वाहनों से पहुंची टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कार्रवाई शुरू की। पूरी तलाशी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई। बंगले के बाहर पुलिस केंद्र के जवानों की तैनाती की गई थी। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी से कॉलोनी में हलचल मच गई। इस दौरान ACB की टीम का मुख्य फोकस घर में रखे दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की पड़ताल पर रहा।
RIMS जमीन घोटाले में छह अधिकारियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि RIMS जमीन घोटाले में ACB ने मंगलवार को रांची सदर के तत्कालीन LRDC मनोज कुमार रंजन सहित छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को सभी आरोपितों को रांची स्थित ACB की विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया है। आरोप है कि RIMS की 9.65 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई थी।
अब तक सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है ACB
ACB अब तक इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें रांची सदर के तत्कालीन LRDC मनोज कुमार रंजन के अलावा तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभव मणित्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे, बेरमो SDO मनोज कुमार समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। अब ACB की इस छापेमारी में जब्त किए गए दस्तावेजों से जांच को कितनी नई दिशा मिलती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। इन कागजातों से जमीन की कथित फर्जी खरीद-बिक्री में अधिकारियों की भूमिका और लेन-देन से जुड़ी कड़ियों के बारे में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।