रांची/ नामकुम
ऑनलाइन दोस्ती करना आपको भी महंगा पड़ सकता है, क्योंकि साइबर ठगों ने एक नया हथकंडा ढूंढ निकाला है। ठग आपको पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजेगा, फिर आपसे दोस्ती करने के बाद महंगे गिफ्टों का लालच देकर आपसे लाखों रुपये ठग लिए जाएंगे। दरअसल, यह घटना रांची के नामकुम इलाके की रहने वाली महिला की आपबीती है। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने रांची साइबर अपराध थाने में इस संबंध में FIR दर्ज कराई है। पूरा आइए मामला जानते है। 
मामला रांची का है, आइए जानें क्या हुआ था
नामकुम की रहने वाली उमा कुमारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को फेसबुक पर 'Dr Sam Cheris' नाम के एक शख्स ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। दोस्ती के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर बातचीत बढ़ाई, खुद को अविवाहित बताया और महिला का भरोसा जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने भारत आने और एक कीमती पार्सल भेजने का वादा किया। कुछ दिनों बाद पीड़िता को बताया गया कि उनका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुका है, जिसे छुड़ाने के लिए विभिन्न शुल्कों का भुगतान करना होगा। 
विभिन्न टैक्स और फीस के नाम पर ऐंठे 5 लाख रुपये
आरोपी और उसके साथियों ने कस्टम ड्यूटी, शिपिंग चार्ज, एयरपोर्ट क्लीयरेंस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जैसे अलग-अलग बहानों से लगातार पैसों की मांग की। डराया गया कि पैसे न देने पर कानूनी झंझट खड़ा हो सकता है। पार्सल मिलने की उम्मीद में महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में 5 लाख रुपये से अधिक ट्रांसफर कर दिए। बार-बार नए बहानों के साथ और पैसों की मांग होने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। 
पुलिस दर्ज कर जांच में जुटी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और विदेश से गिफ्ट या पार्सल के नाम पर बिना जांच-पड़ताल किसी को भी पैसे न भेजें।