logo

रांची : जमीन कारोबारी से प्रिंस खान के नाम पर 1 करोड़ की रंगदारी, पूरे परिवार को जान से मारने की दी धमकी

Prince_Khan_Image.jpg

रांची
इन दिनों प्रिंस खान द्वारा रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। बरियातू थाना क्षेत्र जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर कारोबारी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रिंस खान के नाम पर कॉल में मांगी 1 करोड़ की रंगदारी
दरअसल, बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बागान निवासी और जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह के मोबाइल पर मंगलवार को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद की पहचान कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के रूप में दी और सीधे तौर पर कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर उसने जान से मारने की सीधी चेतावनी दी।
परिवार की हर गतिविधि पर नजर है
फोन करने वाले का दुस्साहस यहीं नहीं थमा। उसने कारोबारी को डराते हुए कहा कि वह और उसका गिरोह उनके पूरे परिवार की हर गतिविधि पर पल-पल नजर रखे हुए है। उसे इस बात की पूरी जानकारी है कि परिवार का कौन सा सदस्य कब और कहां जा रहा है। धमकी देते हुए साफ शब्दों में कहा गया कि अगर समय पर पैसा नहीं मिला, तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
कारोबारी का परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
गैंगस्टर के नाम से आई इस धमकी भरी कॉल और परिवार को निशाना बनाए जाने की चेतावनी के बाद से विजेंद्र सिंह और उनका परिवार गहरे खौफ में है। सिर पर मंडराते खतरे को देखते हुए पीड़ित कारोबारी ने पुलिस से परिवार और खुद के लिए तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने एफआईआर में कहा है कि उन्हें सुरक्षा दी जाए ताकि वे बिना किसी डर के अपना व्यवसाय चला सकें। पीड़ित विजेंद्र सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर बरियातू थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉल करने वाले नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया है और आगे की कानूनी व तकनीकी कार्रवाई में जुट गई है।

Tags - Ranchi Prince Khan Extortion Jharkhand Crime Bariatu Police