logo

रांची : क्रेटा कार की टक्कर से फुचका विक्रेता की मौत, शव सड़क पर रख परिजनों ने किया हंगामा

क्रेटा कार की टक्कर से फुचका विक्रेता की मौत, शव सड़क पर रख परिजनों ने किया हंगामा

रांची: 
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े 20 वर्षीय युवक दीपक कुमार को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया।

तेज रफ्तार क्रेटा ने युवक को कुचला
घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक के पास कुसई कॉलोनी स्थित शराब दुकान के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े दीपक कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार युवक के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

फुचका बेचकर परिवार का करता था भरण-पोषण
मृतक दीपक कुमार कुसई कॉलोनी का रहने वाला था। वह फुचका बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर दीपक के भाई रौशन कुमार ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में कार नंबर जेएच-01जीए-5607 के चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।

शव सड़क पर रखकर लोगों ने किया विरोध
दीपक की मौत से आक्रोशित महिला और पुरुषों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर घाघरा के पास सड़क जाम कर दी। दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ जाम शाम चार बजे तक जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। विरोध के दौरान लोगों ने टायर जलाकर भी अपना आक्रोश जताया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।

पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर डोरंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस अब प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

Tags - Ranchi News Doranda Accident Deepak Kumar Death Hit And Run Jharkhand Crime