रांची:
रांची के धुर्वा इलाके में कक्षा 6 की नाबालिग छात्रा के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक बच्ची को घर में अकेला पाकर अंदर घुसा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर विधानसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

21 सितंबर की शाम घर में अकेली थी बच्ची
जानकारी के अनुसार, घटना 21 सितंबर की शाम की है। उस समय नाबालिग छात्रा अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी युवक उसके घर पहुंचा। आरोप है कि घर में बच्ची को अकेला पाकर उसने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
.jpeg)
परिजनों को बताई पूरी घटना
कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे तो नाबालिग ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर विधानसभा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpeg)
पहले भी अश्लील हरकत करने का आरोप
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक कथित तौर पर पहले भी नाबालिग के घर में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत करता था। आरोप है कि उसने बच्ची को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
महिला पुलिस अधिकारी के सामने दर्ज हुआ बयान
डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि नाबालिग ने महिला पुलिस के सामने घटना के संबंध में अपना बयान दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।