logo

80वां स्वतंत्रता दिवस : रांची में 1000 अतिरिक्त बल तैनात, मोरहाबादी में निजी ड्रोन उड़ाने पर लगा प्रतिबंध; देखें रूट चार्ट

735473473.jpg

द फॉलोअप/ रांची 
आज देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। झारखंड का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे राज्यवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में 14 प्लाटून के जवान परेड प्रस्तुत करेंगे। इस बार परेड का विशेष आकर्षण ओडिशा पुलिस की एक प्लाटून होगी, जो झारखंड पुलिस के जवानों के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च करेगी। परेड के फर्स्ट इन कमांड 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा और सेकेंड इन कमांड अनीश मोमित कुजूर होंगे। परेड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी की पुरुष एवं महिला प्लाटून शामिल होंगी। वहीं, जैप-1, जैप-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी अपनी प्रस्तुति देंगी।
मोरहाबादी में 500 से अधिक जवान तैनात, निजी ड्रोन पर रोक
मुख्य समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के चारों ओर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 500 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए पूरे क्षेत्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। समारोह स्थल पर निजी ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल प्रशासन द्वारा अधिकृत ड्रोन से ही तस्वीरें और वीडियो बनाए जा सकेंगे।
दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
वहीं, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दुमका में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। रांची के मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और परेड की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियां अनुशासन एवं देशभक्ति का प्रदर्शन करते हुए परेड करेंगी।
शहर में 1000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पूरे शहर में 1000 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, जिनमें 200 महिला जवान शामिल हैं। इनमें जिला बल के अलावा जैप और आईआरबी के जवान भी रहेंगे। इनमें से 500 जवानों की तैनाती केवल मोरहाबादी मैदान स्थित समारोह स्थल पर की गई है। समारोह स्थल की सुरक्षा में 8 डीएसपी, 8 इंस्पेक्टर, 30 दारोगा और 50 एएसआई तैनात रहेंगे। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एसएसपी स्वयं करेंगे। इसके अलावा दो एचआईटी (HIT) टीमें भी तैनात रहेंगी। प्रत्येक टीम में 10 प्रशिक्षित जवान होंगे, जो किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे।
इस रूट पर सामान्य वाहनों का प्रवेश नहीं
एटीआई मोड़, सिद्दू-कान्हू पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस से बाएं मुड़कर वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक मुख्यमंत्री, हाईकोर्ट के न्यायाधीशों तथा सांसद-विधायकों का काफिला जाएगा। इस मार्ग पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी जस्टिस एल.पी.एन. शाहदेव चौक, एटीआई मोड़, रंधीर वर्मा चौक और डीसी आवास चौक होते हुए समारोह स्थल तक पहुंचेंगे। सामान्य वाहनों का परिचालन करमटोली चौक से टीआरआई मोड़ की ओर रहेगा। वाहनों की पार्किंग टीआरआई के सामने स्थित मैदान में की जाएगी।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
पासधारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल
अधिकारियों के वाहन
नारंगी पास वाले वाहन
हरे पास वाले वाहन
मीडियाकर्मियों के वाहन
सामान्य वाहन
मुख्यमंत्री एवं अन्य वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे नीलांबर-पीतांबर पार्क के समीप, बापू वाटिका के सामने स्थित आर्मी ग्राउंड से सटे पार्किंग स्थल पर होगी। सामान्य वाहनों की पार्किंग टीआरआई के सामने स्थित मैदान में होगी।
यहां तक ही आ सकेंगे बड़े वाहन
कांके से रांची (भाया बोड़ेया) – बोड़ेया
चाईबासा-खूंटी से रांची – बिरसा चौक
गुमला-सिमडेगा से रांची – कटहल मोड़
गुमला-सिमडेगा से रांची – आईटीआई स्टैंड
जमशेदपुर से रांची – दुर्गा सोरेन चौक
जमशेदपुर से रांची (भाया सदाबहार चौक) – सदाबहार चौक
कांके-पतरातू से रांची – लॉ विश्वविद्यालय
बुटी मोड़ से कोकर (भाया खेलगांव) – खेलगांव चौक
तिलता चौक (रिंग रोड) से – पिस्का मोड़ होते हुए पंडरा बाजार

Tags - Independence Day 2026 Hemant Soren Ranchi News Morabadi Ground Jharkhand News