रांची:
Ranchi News: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में दोस्ती का रिश्ता एक खूनी वारदात में बदल गया। कोकर के गहला टोली में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर (Tanveer) के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार अहले सुबह गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, तनवीर (Tanveer) और शाहरुख (Shahrukh) शुक्रवार शाम से ही एक साथ थे। देर रात करीब 11 बजे दोनों गहला टोली स्थित एक होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और शाहरुख ने अचानक हथियार निकालकर तनवीर पर गोली चला दी। गोली लगने से तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, घटना के बाद आरोपी शाहरुख फरार होने की कोशिश में था। पुलिस ने उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की और शनिवार अहले सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया।
आपसी विवाद में हत्या, पुरानी रंजिश की भी जांच
सदर थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार, हत्या के मामले में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में आपसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, क्या किसी पुरानी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।