द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में सफल 1,927 अभ्यर्थियों को आज, 30 दिसंबर को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र सौपेंगे। इससे जुड़ी सभी तैयारियां लगभग की जा चुकी हैं। 
यह नियुक्ति छह विभागों के लिए होगी। इनमें 847 एएसओ, 288 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक शामिल हैं। कार्मिक विभाग की ओर से अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की भी जांच की जा चुकी है। इस कार्यक्रम का आयोजन आज दोपहर 1:30 बजे निर्धारित है। .jpg)
राज्य सरकार ने आगामी नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए वित्त सचिव प्रशांत कुमार को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।