द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand News: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रांची द्वारा 15 नवंबर 2026 (रविवार) को ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ विशेष स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 7:00 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने स्वच्छता का संकल्प लेने, दौड़ में शामिल होने और स्वच्छता अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।

झारखंड की मिट्टी से जुड़ने और स्वच्छता का संकल्प लेने का माध्यम
यह दौड़ सिर्फ एक शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि झारखंड की मिट्टी से जुड़ने, स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प लेने और राज्य के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी को व्यक्त करने का माध्यम है। राज्य स्थापना दिवस पर नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने तथा ‘स्वच्छ झारखंड-स्वस्थ झारखंड’ की भावना को मजबूत करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक होगी दौड़
कार्यक्रम का आयोजन 15 नवंबर 2026 (रविवार) को सुबह 7:00 बजे किया जाएगा। दौड़ का मार्ग बापू वाटिका, मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक, रांची तक निर्धारित किया गया है। सभी वर्गों के नागरिकों युवा, परिवार, छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी एवं आम जनता को इस दौड़ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे समय से पहले पहुंचकर दौड़ में शामिल हों और स्वच्छता का संदेश फैलाएं।‘आइए, झारखंड की मिट्टी से जुड़े, दौड़ें और स्वच्छता का संदेश फैलाएं। यह सिर्फ दौड़ नहीं, बल्कि हमारे राज्य के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है। एक साथ दौड़ें, एक साथ स्वच्छ बनाएं।’
जनसहभागिता से ही संभव है स्वच्छता
स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर यह दौड़ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी। सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय पर बापू वाटिका, मोरहाबादी पहुंचें और इस ऐतिहासिक अवसर पर स्वच्छता के संकल्प के साथ दौड़ में शामिल हों।