logo

टेंडर हार्ट स्कूल में वार्षिकोत्सव की धूम, नन्हें कलाकारों ने मंच पर बिखेरा मनोरंजन का जलवा

tender_heart_school.jpg

द फॉलोअप डेस्क

टेंडर हार्ट स्कूल में कक्षा प्रथम एवं द्वितीय का वार्षिकोत्सव बुधवार को अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईएएस अधिकारी रमेश घोलप तथा विद्यालय के चेयरमैन सुधीर तिवारी उपस्थित रहे।
इस वार्षिकोत्सव की सबसे विशेष और सराहनीय बात यह रही कि प्रत्येक बच्चे को मुख्य मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला, जिससे पूरा सभागार उल्लास, उमंग और अभिभावकों की तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का थीम मनोरंजन पर आधारित था, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनोरंजन के विविध रूपों को अत्यंत मनमोहक एवं सजीव अंदाज़ में मंच पर प्रस्तुत किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों में बॉलीवुड नृत्य, विज्ञापन अभिनय, कार्टून पात्रों की प्रस्तुति, विभिन्न खेल, कव्वाली तथा भारत के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक नृत्य शामिल रहे। इस अवसर पर बच्चों ने क्रिसमस कार्निवाल को भी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। नन्हें कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय, आत्मविश्वास और भावपूर्ण अभिव्यक्तियों से दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुति के माध्यम से प्रख्यात अभिनेता धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या उषा किरण झा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और विद्यालय की निरंतर प्रगति की जानकारी दी। मुख्य अतिथि रमेश घोलप ने टेंडर हार्ट स्कूल की प्रशंसा करते हुए कहा कि महज पाँच बच्चों से आरंभ हुआ यह विद्यालय आज राज्य के श्रेष्ठ विद्यालयों में अपनी सशक्त और विशिष्ट पहचान बना चुका है।
उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “सफलता की राह में चाहे कितनी भी चुनौतियाँ आएँ, हिम्मत कभी नहीं टूटनी चाहिए, क्योंकि जो हिम्मत नहीं तोड़ते, वही रिकॉर्ड तोड़ते हैं।”
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक जे. मोहंती, उप-प्राचार्या शिवांगी शुक्ला, कविता किरण झा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar ranchi news tender heart school ranchi khabar ranchi update tender heart school ranchi annual function