द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार ने क्रिसमस के अवसर पर राज्य की महिलाओं को विशेष उपहार दे दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में नवंबर माह की सम्मान राशि भेज दी गई है। रांची DC ने ट्वीट कर इस भुगतान की विस्तृत जानकारी साझा की है।
मिली जानकारी के अनुसार रांची जिले की कुल 3,93,084 महिलाओं के बैंक खातों में DBT के माध्यम से राशि का भुगतान किया गया है। 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये की राशि का भुगतान कर दिया गया है।
DC द्वारा किये ट्वीट के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिला है। शहरी क्षेत्रों में सबसे अधिक 25,038 लाभुकों को सहित कांके में 31,781, माण्डर में 23,308 और सिल्ली में 21,390 महिलाओं को लाभ मिला है। अन्य प्रमुख इलाकों में बेड़ो (20,761), चान्हो (19,851), रातू (18,790), ओरमांझी (18,342) और तमाड़ (18,758) के खाते में सम्मान राशि भेजी गई है। वहीं बुढ़मू (18,152), नगड़ी (18,084), नामकुम (18,053), अनगड़ा (16,935) और हेहल (15,537) के साथ-साथ सोनाहातू, अरगोड़ा, लापुंग, ईटकी, बड़गाईं, खलारी, राहे और बुण्डू के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की हजारों महिलाओं के खातों में भी 2500 रुपये की दर से राशि भेज दी गई है।.jpg)
क्रिसमस के मौके पर किया गया यह भुगतान राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए एक बेहतर उपहार माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और सामाजिक सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करना का प्रयास कर रही है।