रांची:
रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता मूल रूप से मांडर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और इन दिनों रातू थाना क्षेत्र स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है।

करमा पूजा से लौटते समय खेत में ले गए
पीड़िता के अनुसार, वह 22 सितंबर को करमा पूजा मनाने चटकपुर गई थी। पूजा खत्म होने के बाद जब वह नानी के घर लौट रही थी, तभी तीन अज्ञात युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तीनों उसे जबरन खेत में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।
.jpeg)
शरीर पर चोट के निशान, हालत स्थिर
घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता रविवार को परिजनों के साथ रातू थाना पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर शनिवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया और महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज किया। मारपीट के कारण उसके चेहरे और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार कराया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही घटना में शामिल तीनों अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।