logo

पलामू-गढ़वा में हाईवे परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सांसद VD Ram ने NHAI चेयरमैन के सामने उठाए कई मुद्दे

पलामू-गढ़वा में हाईवे परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सांसद VD Ram ने NHAI चेयरमैन के सामने उठाए कई मुद्दे

पलामू:
पलामू लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highway) के सुदृढ़ीकरण, निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी और आम लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने सोमवार (VD Ram), 28 सितंबर को नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में चेयरमैन संतोष कुमार यादव (Chairman Santosh Yadav) के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पलामू और गढ़वा जिलों से जुड़ी NH-39, NH-139 और NH-98 की विभिन्न निर्माणाधीन और लंबित परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। सांसद की ओर से रखे गए मुद्दों पर NHAI चेयरमैन ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चार महीने में छह बार PD के तबादले का मुद्दा उठा
सांसद ने परियोजनाओं के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) के लगातार तबादले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले चार महीनों में छह बार PD का स्थानांतरण होने से परियोजनाओं की निगरानी, निर्णय प्रक्रिया और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर NHAI चेयरमैन ने वर्तमान अधिकारियों को परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी देने और अनावश्यक रूप से प्रोजेक्ट डायरेक्टर का तबादला नहीं करने का आश्वासन दिया। साथ ही, लंबित कार्यों की प्रभावी निगरानी और तेजी से निष्पादन के लिए पलामू में PIU का साइड ऑफिस खोलने की स्वीकृति भी दी गई।

दशहरा से पहले हाईवे के गड्ढे भरने का भरोसा
बैठक में सतबरवा, पोलपोल, डालटनगंज, पड़वा, रमना, नगर उंटारी, हरिहरगंज और छतरपुर समेत विभिन्न शहरी क्षेत्रों में मानसून के कारण सड़कों पर बने खतरनाक गड्ढों का मामला भी उठाया गया। सांसद ने मरम्मत कार्य में हो रही देरी से लोगों को हो रही परेशानी से NHAI चेयरमैन को अवगत कराया। इसके बाद चेयरमैन ने इन कार्यों को फास्ट ट्रैक आधार पर कराने का निर्देश दिया और दशहरा से पहले गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन के योग्य बनाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद सड़क की स्थायी और पूर्ण मरम्मत कराई जाएगी।

सतबरवा बाईपास पर सुरक्षित डायवर्जन की मांग
सतबरवा बाईपास के निर्माण में हो रही देरी और मौजूदा डायवर्जन की गुणवत्ता को लेकर भी सांसद ने चिंता जताई। उन्होंने यातायात सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा का मुद्दा उठाया। NHAI चेयरमैन ने निर्देश दिया कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने तक सतबरवा बाईपास पर गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित वैकल्पिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पोखराहा और जोड़ में VUP-LVUP के काम में आएगी तेजी
डालटनगंज बाईपास में Km 165 पर पोखराहा में VUP और Km 169 पर जोड़ में LVUP के लंबित अनुमोदन का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। इस संबंध में रेलवे और NHAI के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित होने की जानकारी दी गई। रेलवे की ओर से हाईटेंशन वायर हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की बात कही गई है। इससे संबंधित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

भोगू-संखा फ्लाईओवर और रुके सिविल कार्यों की समीक्षा
सांसद ने PIU के डालटनगंज से लातेहार स्थानांतरण के कारण प्रभावित परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की मांग की। उन्होंने दुबियाखाड़ आदिवासी विकास महाकुंभ मेला को देखते हुए भोगू-संखा सेक्शन में प्रस्तावित फ्लाईओवर को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा पिछले छह महीनों से प्रभावित सिविल कार्यों में तेजी लाने और मेदिनीनगर DFO की ओर से उठाए गए वृक्षारोपण एवं फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े लंबित अनुपालनों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग भी रखी।

स्थानीय वाहनों को टोल में राहत की मांग
सांसद विष्णु दयाल राम ने फोर-लेनिंग का काम पूरा होने तक मेदिनीनगर टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों को उचित टोल छूट देने का आग्रह किया। साथ ही NH-39 पैकेज-V और NH-139 के पूर्ण हो चुके हिस्सों का जल्द उद्घाटन कर उन्हें आम जनता को समर्पित करने की मांग भी रखी।

आर्थिक विकास के लिए अहम हैं राष्ट्रीय राजमार्ग
सांसद ने कहा कि पलामू और गढ़वा के राष्ट्रीय राजमार्ग केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी को दूर कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना प्राथमिकता है। बैठक में NHAI की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद क्षेत्र की विभिन्न हाईवे परियोजनाओं में तेजी आने और लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
 

Tags - Palamu Highway ProjectsMP VD RamNHAI Chairman MeetingDaltonganj Bypass News