चाईबासा:
Chaibasa News: चाईबासा में एक घर के बंद कमरे की जमीन के नीचे महिला का शव दफन था। मां चार दिनों से लापता थी, घर की दीवारों पर खून के गहरे निशान थे और पिता बेटी के सवालों का संतोषजनक जवाब तक नहीं दे पा रहा था। जब शक गहराया, तो जांच (Investigation) के लिए पुलिस पहुंची और कमरे की फर्श खोदकर 40 वर्षीय महिला गुरुवारी हांसदा का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पत्नी की हत्या (Murder) कर शव घर में दफनाने का आरोप उसके पति राम हांसदा पर लगा है। पुलिस उसे हिरासत (Custody) में लेकर पूछताछ (Interrogation) कर रही है।

बंद कमरे की जमीन से बरामद हुआ महिला का शव
घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित पांड्रासाली ओपी अंतर्गत तुंगी गांव की है, जहां पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर ही एक कमरे में दफनाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति राम हांसदा ने हत्या के बाद शव को घर के अंदर जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है। वहीं, आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है।

चार दिनों से लापता थी मां, दीवार पर खून के निशान देख बेटी को हुआ शक
जानकारी के अनुसार, गुरुवारी पिछले चार दिनों से गांव में दिखाई नहीं दे रही थी। इस पर पड़ोसियों को संदेह हुआ, तो उन्होंने फोन कर उसकी शादीशुदा बेटी नागीश्री गागराई को इसकी जानकारी दी। बेटी ससुराल से मायके पहुंची, तो घर की दीवारों पर कई जगह खून के निशान देखकर उसे शक हुआ। मां के बारे में पूछने पर पिता कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर बेटी ने घर के बंद कमरे की चाबी मांगी, लेकिन पिता ने चाबी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद बेटी ने ग्रामीण मुंडा को मामले की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।
.jpeg)
पुलिस ने कमरे की जमीन खोदी, तो मिला सड़ा-गला शव
सूचना मिलने पर पांड्रासाली ओपी की पुलिस गांव पहुंची। इसके बाद महिला के पति राम हांसदा ने कमरे की चाबी पुलिस को दी। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, तो फर्श पर गड्ढा खोदे जाने के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने गड्ढे से मिट्टी हटाई, तो अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस ने शव को जमीन से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।
.jpeg)
मजदूरी करती थी महिला, पति से विवाद का आरोप
मृतका की बेटी नागीश्री गागराई ने आरोप लगाया कि उसके पिता नियमित रूप से काम नहीं करते थे, जबकि मां मजदूरी कर परिवार चलाती थी। घरेलू खर्च और खानपान को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बेटी ने पिता पर मां के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
.jpeg)
सभी बेटियों की हो चुकी है शादी, चेन्नई में रहता है बेटा
गुरुवारी की सभी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका बेटा रोजगार के सिलसिले में चेन्नई में रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार को उसके लौटने का इंतजार है। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है। महिला की मौत कैसे हुई और शव को घर के अंदर दफनाने की परिस्थितियां क्या थीं, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।