logo

वंदे भारत में 7 दिन एक्सपायरी मिक्चर परोसा, कैटरिंग एजेंसी पर 1 लाख रुपये जुर्माना

वंदे भारत में 7 दिन एक्सपायरी मिक्चर परोसा, कैटरिंग एजेंसी पर 1 लाख रुपये जुर्माना

द फॉलोअप/जमशेदपुर 
Jamsedpur News: प्रीमियम ट्रेन में बेहतर खानपान और सुविधाओं के नाम पर यात्रियों से अधिक किराया लिया जाता है, लेकिन अब इसी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसने का मामला सामने आया है। गुरुवार, 19 नवंबर को ट्रेन में यात्रियों को शाम के नाश्ते में सात दिन पहले एक्सपायर हो चुका मिक्चर दिया गया। मामला सामने आने के बाद यात्रियों ने रेलवे की खानपान व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठाये। रेलवे ने संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

पैकेट पर 12 नवंबर की थी एक्सपायरी डेट
जानकारी के अनुसार, टाटानगर से ट्रेन में सवार यात्रियों को सी-9 कोच में शाम के नाश्ते के दौरान स्थानीय ब्रांड का 'नेनीमेमी' मिलेट मिक्चर दिया गया था। पैकेट पर निर्माण की तारीख मई 2026 और एक्सपायरी डेट 12 नवंबर 2026 अंकित थी। जबकि यात्रियों को यह नाश्ता 19 नवंबर को परोसा गया। इस तरह यात्रियों को निर्धारित अवधि समाप्त होने के सात दिन बाद खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी गयी। कुछ यात्रियों ने पैकेट पर तारीख देखे बिना ही मिक्चर खा लिया था। बाद में दूसरे यात्रियों की नजर एक्सपायरी डेट पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत की।

शिकायत रजिस्टर देने में आनाकानी का आरोप
यात्रियों का आरोप है कि एक्सपायरी सामग्री की शिकायत करने पर कोच अटेंडेंट और मैनेजर ने शिकायत रजिस्टर उपलब्ध कराने में आनाकानी की। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पैकेट वापस लेने का प्रयास किया गया। इससे नाराज एक यात्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड और आईआरसीटीसी तक शिकायत पहुंचायी। शिकायत में एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसे जाने के साथ-साथ शिकायत के दौरान रेलवे स्टाफ के रवैये पर भी सवाल उठाये गये।

खानपान व्यवस्था की निगरानी पर उठे सवाल
इस घटना ने रेलवे की खानपान व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। यात्रियों को भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने वाली कैटरिंग एजेंसी की जिम्मेदारी केवल सामग्री की आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और उपयोग अवधि सुनिश्चित करना भी जरूरी है। सवाल यह है कि आपूर्ति से लेकर यात्रियों को परोसने तक किसी स्तर पर पैकेट की एक्सपायरी डेट क्यों नहीं जांची गयी? नियमित निरीक्षण के दावों के बावजूद एक्सपायरी खाद्य सामग्री यात्रियों तक कैसे पहुंच गयी?

कैटरिंग एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने जांच की और संबंधित मिक्चर को जब्त कर लिया। चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी के अनुसार, संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
 

Tags - Vande BharatRailway NewsFood SafetyIRCTCCatering Fine