logo

जामताड़ा में 200 मीटर सड़क बनी मुसीबत, गड्ढों और कीचड़ से परेशान लोगों ने DC से लगाई गुहार

जामताड़ा में 200 मीटर सड़क बनी मुसीबत, गड्ढों और कीचड़ से परेशान लोगों ने DC से लगाई गुहार

जामताड़ा:
jamtara News:
जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत जामजोरी पंचायत के भूड़ीसेमल गांव की बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। महज 200 मीटर लंबी यह सड़क गहरे गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों का रोजाना आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। वहीं, सड़क की बदहाली विकास के दावों पर भी सवाल खड़े कर रही है। बरसात के दिनों में भूड़ीसेमल गांव की इस सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, जर्जर सड़क पर आवागमन के दौरान एक व्यक्ति का पैर टूटने की गंभीर घटना भी सामने आ चुकी है। इसके बावजूद बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को रोजाना इसी जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामसभा में मांग के बावजूद नहीं हुआ सड़क निर्माण
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग कई बार वर्तमान और पूर्व मुखिया के समक्ष उठाई जा चुकी है। प्रत्येक वर्ष ग्रामसभा में इस 200 मीटर सड़क को पीसीसी बनाने का प्रस्ताव भी रखा जाता है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से फंड की कमी का हवाला देकर मामले को टाल दिया जाता है। लगातार अनदेखी के कारण ग्रामीणों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों से निराश होकर अब भूड़ीसेमल गांव के ग्रामीणों ने जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उपायुक्त मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गांव भेजकर सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराएं और जल्द से जल्द पीसीसी सड़क निर्माण सुनिश्चित करें।

प्रशासनिक पहल का इंतजार कर रहे ग्रामीण
भूड़ीसेमल गांव के ग्रामीणों को अब जिला प्रशासन से उम्मीद है कि उनकी समस्या का समाधान जल्द होगा। महज 200 मीटर सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से लंबित रहने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को बदहाल सड़क से कब तक निजात मिल पाती है।

Tags - Jamtara NewsJharkhand Road IssuesBhudisemal VillageFatehpur BlockJamtara DC