रांची
रांची चित्रपट झारखंड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन विभिन्न विधाओं की कुल 34 फिल्मों की सफल स्क्रीनिंग की गई। फिल्म प्रेमियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक फिल्मों का अवलोकन किया। दूसरे दिन मोबाइल फिल्म मेकिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को मोबाइल के माध्यम से फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के कौशल और तकनीकी ज्ञान को विकसित करने में उपयोगी सिद्ध हुई।

अशोक चक्रधर की कविता पर आधारित) मंचन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत झारखंड फिल्म एंड थिएटर एसोसिएशन (जेएफटीए) के कलाकारों ने तीन प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों "वो पागल नहीं , बीमार था ", "खामोशी कब तक " तथा "गरीबदास का शून्य" (पद्मश्री अशोक चक्रधर की कविता पर आधारित) का मंचन किया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इन नाटकों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा फिल्म फेस्टिवल के वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। फिल्म फेस्टिवल का समापन सत्र कल दोपहर 3:30 बजे से आयोजित होगा। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में विजेता फिल्मों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा तथा तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक समापन होगा।
