द फॉलोअप डेस्क:
बॉलीवुड (Bollywood) की पारंपरिक हॉरर फिल्मों (Horror Films) से कुछ अलग पेश करने की कोशिश करती है निर्देशक हारिस इम्तियाज खान (Haris Imtiaz Khan) की फिल्म 'काली खेती' (Kaali Kheti)। फिल्म की कहानी एक गांव में रहने वाले परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। रोहित (शरद केलकर) अपनी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के साथ रहता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब रोहित अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। शुरुआत में सबकुछ सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे किशन को गांव के माहौल में कुछ अजीब महसूस होने लगता है। रोहित का बार-बार 'नई खेती' का जिक्र करना और उसके व्यवहार में बदलाव कहानी के रहस्य को और गहरा कर देता है। आखिर इस खेती के पीछे कौन-सा राज छिपा है, यही फिल्म का सबसे बड़ा सस्पेंस है।

जैकी श्रॉफ की अदाकारी और 25 साल के निर्देशक का कमाल
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत जैकी श्रॉफ का अभिनय है। अपने चिर-परिचित अंदाज से अलग वह एक संवेदनशील और भावुक पिता के किरदार में नजर आते हैं। उनके चेहरे के हाव-भाव और संवाद अदायगी कई दृश्यों को प्रभावशाली बनाते हैं। वहीं, शरद केलकर ने रोहित के रहस्यमयी किरदार को बखूबी निभाया है। नेहा सरगम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और बाल कलाकार स्पंदन का अभिनय भी कहानी को मजबूती देता है। फिल्म के निर्देशक हारिस इम्तियाज खान की खास बात यह है कि महज 25 साल की उम्र में उन्होंने निर्देशन के साथ स्क्रीनप्ले और संवाद लेखन की जिम्मेदारी भी संभाली है। उनकी कोशिश कहानी को पारंपरिक हॉरर से अलग रखने की है और इसमें वह काफी हद तक सफल होते दिखाई देते हैं।

सिनेमैटोग्राफी और म्यूजिक शानदार, एडिटिंग में कमी
तकनीकी पक्ष पर फिल्म अच्छी नजर आती है। सिनेमैटोग्राफी गांव के सन्नाटे और रहस्यमयी माहौल को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारती है। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन डर के माहौल को और गहरा करते हैं। वहीं, बजट के लिहाज से वीएफएक्स का काम भी ठीक है। हालांकि, फिल्म की एडिटिंग थोड़ी कमजोर कड़ी साबित होती है। कुछ दृश्य जरूरत से ज्यादा लंबे लगते हैं, जिससे कहानी की रफ्तार प्रभावित होती है। इसके बावजूद अगर आप हॉरर और सस्पेंस फिल्मों के शौकीन हैं और इस बार भूतिया हवेलियों से हटकर कुछ नया देखना चाहते हैं, तो 'काली खेती' को मौका दे सकते हैं। जैकी श्रॉफ का अभिनय और फिल्म का अनोखा कॉन्सेप्ट इसे एक बार देखने लायक बनाते हैं।