द फॉलोअप डेस्क
वरिष्ठ अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें भारतीय मनोरंजन जगत में हास्य कलाकार के रूप में विशेष स्थान प्राप्त था। टीवी शो ‘साराभाई vs साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई के किरदार के लिए वे खासे लोकप्रिय हुए। उनके अभिनय करियर में 250 से अधिक फिल्में और कई टेलीविजन शोज़ शामिल हैं। सतीश शाह की कमी भारतीय फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में हमेशा महसूस की जाएगी।
सतीश शाह की संपत्ति और विरासत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्मों, टीवी और ब्रांड्स से जुड़े करियर की वजह से उनके निधन तक उनकी कुल संपत्ति लगभग 40 से 45 करोड़ रुपये आंकी गई थी। लेकिन सतीश शाह की असली विरासत उनके हास्य और अभिनय की कला में निहित थी, जिन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी को हास्य के जरिए दर्शकों के दिलों में जगह दी।
सतीश शाह की शादी डिजाइनर मधु शाह से हुई थी। दोनों ने साथ में लंबा और शांतिपूर्ण जीवन बिताया। जोड़ा हमेशा मीडिया से दूरी बनाए रखता था और अपने काम को प्राथमिकता देता था। इनके कोई संतान नहीं थी, और दोनों ने अपने परिवार के साथ सादगी भरा निजी जीवन जिया।
