द फॉलोअप,बिहार
बिहार में धीरे-धीरे अब मॉनसून एक्टिव हो रहा है। आज मौसम विभाग ने पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ जिलों में येलो अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में हीट वेव की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग की माने तो खासकर सीमांचल के 6 जिलों में आज भारी बारिश होने की संभावना है।

इन 6 जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा बाकी जिलों में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। लेकिन उमस वाली गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिलेगी।

इन 14 जिलों में हीट वेव
वहीं, राज्य के दक्षिणी भागों के 14 जिलों में मौसम विभाग ने हीट वेव की अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगुसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास जिले में हीट वेव जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई है।