द फॉलोअप डेस्क:
Hajipur News: वैशाली (Vaishali) जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों (pension beneficiaries) के लिए अच्छी खबर है। सितंबर 2026 की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए जिले के कुल 3,73,406 पेंशनधारियों के खातों में 42 करोड़ 41 लाख 40 हजार 600 रुपये अंतरित किये। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हाजीपुर (Hajipur) स्थित पुष्करणी सभागार में किया गया। जारी राशि के तहत वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभुकों को मिले सबसे अधिक रुपये
योजना-वार आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक 1,82,414 लाभुकों के खातों में 21 करोड़ 26 लाख 65 हजार 800 रुपये भेजे गये। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,16,413 लाभुकों को 12 करोड़ 81 लाख 69 हजार 100 रुपये मिले। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 22,655 लाभुकों के खातों में 2 करोड़ 51 लाख 64 हजार 900 रुपये और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 24,855 लाभुकों को 2 करोड़ 77 लाख 33 हजार 500 रुपये अंतरित किये गये। इसके अलावा, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 24,829 लाभुकों को 2 करोड़ 79 लाख 41 हजार 100 रुपये और बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 2,240 लाभुकों के खातों में 24 लाख 66 हजार 200 रुपये भेजे गये।

आधार से बैंक खाता लिंक कराने की अपील, शिकायतों के समाधान पर जोर
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह सहित जिले के पेंशनधारी मौजूद रहे। इस दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ने लाभुकों को सितंबर महीने की पेंशन राशि जारी होने की जानकारी दी और सभी पेंशनधारियों से अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने की अपील की। इसका उद्देश्य पेंशन की राशि प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को दूर करना और भुगतान नियमित बनाए रखना है। कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारियों से उनकी समस्याओं और शिकायतों के बारे में भी जानकारी ली गई। प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की कि पेंशन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित कार्यालय से संपर्क करें, ताकि उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिलता रहे।