द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नालंदा जिले के बिहार थाना इलाके में एक स्कूल से निष्कासित छात्र ने बदले की भावना से प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला कर दिया। यह मामला सेंट जोसेफ स्कूल के प्रिंसिपल जोसेफ टीटी पर हमले से जुड़ा है, जिसमें छात्र रयान ने अपने मामा और अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रिंसिपल को मारने की साजिश रची। 16 जनवरी को भवानी होटल के पास प्रिंसिपल को गोली मारी गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
नालंदा के एसपी भरत सोनी ने बताया कि रयान को दो साल पहले स्कूल से गलत आचरण के कारण निष्कासित कर दिया गया था, और उसी समय से वह प्रतिशोध की भावना से इस साजिश को अंजाम देना चाहता था। एसपी ने कहा कि इस मामले में आरोपी रयान के मामा सैयद नजफ जफर उर्फ आयन और आसिम कुदरत को बिहार थाना क्षेत्र के रेलवे गुमटी के पास से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी बड़ी दरगाह तालाब क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने इस मामले की गहन जांच के लिए एक एसआईटी गठित की, जिसने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से खुलासा किया कि कुल पांच आरोपियों ने प्रिंसिपल का पीछा करते हुए गोली चलाई थी। फुटेज में यह साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मोटरसाइकिल और एक डिजायर कार से प्रिंसिपल का पीछा कर रहे थे, और पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि शुरुआत में रयान और उसके मामा की योजना केवल मारपीट करने की थी, लेकिन बाद में मामा ने उन्हें 7.65 एमएम की बंदूक मुहैया कराई। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाइव कार्ट्रिज भी बरामद किया है।
एसपी ने यह भी बताया कि इस मामले में तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है, और अगर वे फरार होते हैं तो उनकी संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह आश्वासन भी दिया कि मामले में 60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर स्पीड ट्रायल के जरिए दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।