द फॉलोअप,बिहार
बिहार के 33 जिलों में आज तेज आंधी-तूफान, मेघ-गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए एहतियात बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जबकि 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में अलर्ट जारी
राजधानी पटना समेत, गया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, दरभंगा, समस्तीपुर और भागलपुर सहित कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दरअसल मौसम का यह बदलाव अरब सागर में बन रहे साइक्लोनिक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को चेतावनी दी है।

इन जिलों में भीषण गर्मी
मौसम विभाग की माने तो इस दौरान बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि पूरवैया हवा चलने के कारण उमस भी बढ़ेगी जो लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा।