रोहतास:
चोरी की घटनाएं आम हैं। आमतौर पर चोर घरों में चोरी करते हैं। पैसा, ज्वेलरी और घरेलु उपयोग के सामान पर हाथ साफ कर जाते हैं लेकिन, बिहार में चोरों ने तो पूरा का पूरा पुल ही चुरा लिया। मामला बिहार के रोहतास जिले का है। रोहतास जिला स्थित सासाराम में चोरों ने लोहे का पूरा पुल ही चुरा लिया।

गांव वालों के सामने दिनदहाड़े की चोरी
हैरानी की बात है कि चोरों ने दिनदहाड़े पुल की चोरी कर ली। सबके सामने। दरअसल, चोर सिंचाई विभाग का कर्मचारी बनकर गांव में आए। जेसीबी से पुल को तोड़ा। गैस कटकर से लोहा-लोहा काटकर अलग कर दिया। ट्रक में लादा और चलते बने। हैरानी की बात है कि विभाग को इसकी भनक भी नहीं थी। आखिरकार चोरी के 3 दिन बात मामला दर्ज करवाया गया।
इस्तेमाल के लायक नहीं था लोहे का पुल
गौरतलब है कि चोरी कर लिया गया पुल 47 साल पुराना था। रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड अंतर्गत अमियार-आरा मुख्य नहर पर ये पुल बना था। पुल की लंबाई 100 फीट थी जबकि चौड़ी 10 फीट। पुल के निर्माण में कुल 500 टन लोहा लगा था। जब पुल को तोड़कर ट्रक में लादा जा रहा था तो गांव वालों ने सवाल किया। कहा कि क्या माजरा है। चोरों ने कहा कि वे सिंचाई विभाग के कर्मचारी हैं। पुल जर्जर हो गया है। इसलिए इसको तोड़ने का आदेश हुआ है।

चोरों ने खुद को सिंचाई विभाग का कर्मचारी बताया
ग्रामीणों ने बताया कि पहले नहर में पुल नहीं था। साल 1966 में यात्री से भरी नाव नहर में डूब गई। हादसे में 12 लोगों की जान चली गई थी। 1972 से 1975 के बीच पुल का निर्माण करवाया गया था। पुराना हुआ तो पुल क्षतिग्रस्त हो गया। उसकी जगह दूसरा पुल बनाया गया था। पुराना पुल इस्तेमाल में नहीं था, इसलिए जब उसे तोड़ा जा रहा था तो किसी ने सवाल नहीं पूछा।