पटना:
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित तैयारी बैठक में शामिल हुए। बैठक में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वैशाली आगमन को लेकर कार्यक्रम की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक जिम्मेदारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।

पीएम मोदी का बिहार आगमन बड़ा अवसर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके नेतृत्व में बिहार विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ युवाओं में भी विशेष उत्साह है।

युवा कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुटने को कहा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा संगठन की महत्वपूर्ण इकाई है और बड़े कार्यक्रमों के सफल आयोजन में युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रहती है। संजय सरावगी ने युवा मोर्चा के साथियों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरी ऊर्जा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ तैयारियों में जुटें। कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिहार के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है। 21 नवंबर का कार्यक्रम बिहार के विकास, जनभागीदारी और संगठनात्मक एकजुटता का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।