द फॉलोअप डेस्क:
मैथिली ठाकुर वाकई कलाकार हैं। यूं तो बढ़िया गाती रही हैं, लेकिन जमीन विवाद ने बताया कि वो अभिनय भी बढ़िया करती हैं। देखिए तो। जब उनसे उनके पिता द्वारा कथित तौर पर कब्जाई गई जमीन पर सवाल हुआ तो उन्होंने कितनी साफगोई से सफेद झूठ बोला कि ऐसी कोई बात नहीं है। हमने जमीन खरीदी है और उसके दस्तावेज हैं। यह कहते हुए मैथिली ठाकुर के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई कि, जमीन पर कब्जा करने की बातें महज अफवाह है। आरोप बेबुनियाद हैं। मैथिली ठाकुर की बातों से इतना तो साफ है कि मैथिली ठाकुर केवल मशहूर लोकगायिका ही नहीं बल्कि कुशल अभिनेत्री और सिद्धहस्त राजनीतिज्ञ भी बन चुकी हैं। यह, उनको बच्चा कहने वाले राजनीतिक विरोधियों के मुंह पर करारा तमाचा है। चेहरे पर शिकन लाए बिना, झूठ बोलकर गलतियां छिपाना आ जाए तो समझिए कि आदमी राजनीति का माहिर खिलाड़ी बन गया। मैथिली ठाकुर अब पक्की पॉलिटिशियन हैं।

पोखरभिंडा में प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया
वैसे कितना भी बड़ा आदमी बोले, प्रत्येक झूठ की एक्सपायरी डेट होती है। प्रशासन ने मैथिली ठाकुर और उनके पिता की कथित ईमानदारी की हवा निकाल दी है। पोखरभिंडा में जिस सरकारी जमीन पर मैथिली ठाकुर और उनेक पिता रमेश ठाकुर पर कब्जा करने का आरोप है, जिला प्रशासन ने उसे अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। प्रशासन की यह कार्रवाई बताने को काफी है कि ठाकुर फैमिली उतनी मासूम नहीं है, जितना दिखने की कोशिश कर रही थी।

दरभंगा जिले में जमीन कब्जाने का लगा आरोप
गौरतलब है कि अलीनगर से भारतीय जनता पार्टी की विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में अब प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद आज DCLR अजय कुमार और अंचलाधिकारी आलोक कुमार खुद अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे और जमीन की मापी कराई। मापी के दौरान अधिकारियों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया। अधिकारियों ने इसे खाली करवाया और मौके पर किया गया निर्माण कार्य भी तुड़वा दिया है।

ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से शिकायत की थी
गौरतलब है कि इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, सामूहिक श्राद्धस्थल और नाले की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया था। ग्रामीण गगन कुमार मिश्र ने उनकी 3 डिसमिल 14 धूर जमीन पर कब्जे और चारदीवारी निर्माण की शिकायत की थी। गांव की रामदाय देवी ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर मिट्टी की कटाई से खेतों को नुकसान पहुंचा।
मंदिर पर कब्जा मधुबनी जिाल प्रशासन का मामला
DCLR ने कार्रवाई के दौरान कहा कि शुरुआती मापी में सरकारी रास्ते पर थोड़ी दूर पक्कीकरण नजर आया। इसे अतिक्रमण माना गया और हटाने की कार्रवाई की गई। गांव के बाकी शिकायतकर्ताओं को अंचल कार्यालय बुलाया गया है, जहां उनके दस्तावेजों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंदिर पर कब्जे की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि संबंधित जगह दरअसल मधुबनी जिले में है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे मधुबनी जिला प्रशासन से शिकायत करें।
इधर, मैथिली ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद मामले में प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों की उम्मीद बढ़ी है। देखना दिलचस्प होगा कि शनिवार को होने वाली सुनवाई में और क्या पता चलता है।
मैथिली ठाकुर के पिता ने आरोपों को झूठा कहा था
इस मामले में मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने कहा था कि जमीन पर कब्जा करने के आरोप बेबुनियाद हैं। हमने गांव वालों से जमीन खरीदी है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना था कि मैथिली ठाकुर के परिवार ने गांव की सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। कई रास्ते बंद कर दिए। गांव वालों का मुख्य रास्ते तक जाना मुश्किल हो गया। पूर्वजों की समाधियां खतरे में पड़ गई। हालांकि, मैथिली ठाकुर और उनके पिता ने सफेद झूठ बोला कि ऐसी कोई बात नहीं।