logo

दही गोप हत्याकांड में आरोपी का हुआ खुलासा, हत्या के कारणों का भी चला पता

दही.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पटना से सटे दानापुर में हुए दही गोप हत्याकांड में पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड राहुल जेनरेटर और उसके साथी शुभम चड्ढा को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ है कि राहुल जेनरेटर ही इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड था और उसने ही दही गोप की हत्या की साजिश रची थी।
राहुल के पिता की हत्या वर्ष 2008 में हुई थी और उसे शक था कि इस हत्याकांड में दही गोप का हाथ था। इस कारण उसने दही गोप की हत्या की साजिश बनाई और मौका मिलते ही अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पटना पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन बुधवार को राहुल और उसके साथी की गिरफ्तारी का खुलासा हो सकता है। गिरफ्तार किए गए दो आरोपितों का संबंध दानापुर के पेठिया बाजार से है।
घटना के बाद से ही पुलिस ने राहुल की पहचान कर ली थी और उसकी तलाश में छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार हो चुका था। पुलिस से बचने के लिए वह कई राज्यों में छिपा हुआ था। हाल ही में एक पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार के बाहर भी गई थी। फिलहाल, इस मामले में कई अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी बाकी है।
सूत्रों के अनुसार, दही गोप की हत्या की साजिश रचने के बाद राहुल को कई लोगों का समर्थन प्राप्त था और पुलिस अब उन सभी के नाम-पते का सत्यापन कर रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags - BIHARBIHARNEWSDAHIGOPECRIMENEWSCRIMEPOST