पटना/बिहार
बिहार सरकार द्वारा बीते दिनों लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी सुरक्षा हटा दी है। फिलहाल राबड़ी आवास के मुख्य गेट पर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं दिखाई दे रहे। लालू परिवार का यह कदम समारट सरकार के सुरक्षा संबंधी फैसले के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है।

RJD का आरोप- सुरक्षा से राजनीति कर रही सरकार
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव दोनों ने अपनी सुरक्षा हटा दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लालू परिवार के किसी सदस्य को “एक खरोंच भी आई” तो सरकार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। शक्ति सिंह यादव ने सवाल उठाया कि राबड़ी देवी जैसी वरिष्ठ नेता की सुरक्षा में कटौती क्यों की गई, जबकि सत्ता पक्ष के कई नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तक नहीं हुई।

गृह विभाग के फैसले से बदली लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था
दरअसल बीते दिनों गृह विभाग की समीक्षा बैठक में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा समाप्त कर उन्हें विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया था। वहीं तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी सुरक्षा भी वापस ले ली गई। उन्हें अब केवल एक गार्ड मिलेगा। हालांकि तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव और सांसद मीसा भारती की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया था। लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा कम होने के बाद तेजस्वी यादव ने भी अपनी सुरक्षा हटा दी है। अब लालू परिवार के इस फैसले के बाद से बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। पक्ष-विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर लगातार पलटवार हैं।