logo

Six Lane Bridge : तेजस्वी यादव की मांग, राघोपुर-बिदुपुर पुल का नाम हो ‘अक्षयवट सेतु’, नीतीश कुमार से बनी थी सहमति

तेजस्वी यादव की मांग, राघोपुर-बिदुपुर पुल का नाम हो ‘अक्षयवट सेतु’, नीतीश कुमार से बनी थी सहमति

द फॉलोअप डेस्क:

Six Lane Bridge: बिहार विधानसभा (Bihar Legislative Assembly) में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल (Raghopur Bidupur Bridge) का नामकरण महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के शिलान्यास के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस विषय पर विस्तार से बातचीत हुई थी। उस समय तेजस्वी यादव विभागीय मंत्री होने के साथ उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। तेजस्वी के मुताबिक, पुल का निर्माण अक्षयवट राय के पैतृक गांव से होकर गुजर रहा है। ऐसे में उनके नाम पर पुल का नामकरण करना उचित होगा।

लालू प्रसाद की मौजूदगी में बनी थी सहमति

तेजस्वी यादव ने बताया कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने पुल का नाम अक्षयवट राय के नाम पर रखने पर सहमति जताई थी। उस समय यह तय हुआ था कि पुल के उद्घाटन के अवसर पर इसका नाम ‘अक्षयवट सेतु’ रखा जाएगा। उन्होंने अक्षयवट राय को महान स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के सबसे विश्वस्त साथियों में से एक थे। तेजस्वी ने पुराने फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इस नामकरण को लेकर पहले ही सहमति बन चुकी थी।

2022 की समीक्षा बैठक में भी हुई थी चर्चा

तेजस्वी यादव ने बताया कि वर्ष 2022 में दोबारा उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने बाधित निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान भी नीतीश कुमार के साथ पुल के नामकरण को लेकर विमर्श हुआ था और ‘अक्षयवट सेतु’ नाम रखने का निर्णय दोहराया गया था। अब तेजस्वी यादव ने एक बार फिर पुराने निर्णय की याद दिलाते हुए राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने की मांग की है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Tejashwi Yadav Akshaywat Rai Setu Akshaywat Rai Raghopur Bidupur Six Lane Bridge