सीवान/बिहार
सीवान में पांच माह की एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत बच्ची की मां ने अपने पति और सास पर दूध में जहर मिलाकर मासूम की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मां की शिकायत के बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के बरतवलिया गांव की है। घटना शुक्रवार देर शाम की है।

शिकायत के बाद कब्र से निकाला गया शव
मां ने आरोप लगाया कि उसके पति राजू यादव और सास ने मिलकर बच्ची को जहरीला दूध पिलाकर मार डाला। उनका कहना है कि बच्ची की मौत के बाद जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद मां थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि बच्ची को जानबूझकर जहरीला दूध पिलाया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। अब बच्ची की मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम के साथ-साथ एफएसएल रिपोर्ट का भी इंतजार है। जांच रिपोर्ट आने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।