सुपौल/बिहार
सुपौल में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पड़ोसी के घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिसके कारण गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना जिले के नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया पंचायत स्थित वार्ड सं-13 की है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रास्ते में तोड़ा दम
परिजनों के मुताबिक, मृतक अनिल कुमार, अपने पड़ोसी के घर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद आस-पास में मौजूद लोग आनन-फानन में उसे उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अनिल की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ललमनिया पंचायत के मुखिया अनिल आनंद ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार जर्जर हालत में हैं और लंबे समय से उनकी मरम्मत नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि खराब तारों की जल्द जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।