सुपौल/बिहार
सुपौल से गुरुवार दोपहर एक किसान की ट्रैक्टर से दबकर दर्दनाक मौत होने की घटना सामने आई है। खेत से ट्रैक्टर पर पटुआ (जूट) की फसल लादकर बोराई ( सड़ाने या धोने की प्रक्रिया) के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रक्टर पलट गया, जिसके कारण पीछे चल रही ट्रॉली के पहिए के नीच आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दुलारी गांव की है।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान 55 वर्षीय राधेश्याम साह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर से गिरने के बाद वह पीछे चल रही ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रॉली के नीचे फंसे किसान को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। घटना के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों में चालक के प्रति भारी नाराजगी व्याप्त है।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अपर थानाध्यक्ष सह प्रभारी थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। घटना के बाद से राधेश्याम साह की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।