द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
करमा-धरमा पर्व की खुशियां सोमवार को उस समय मातम में बदल गयीं, जब पोखर में स्नान करने गये छह बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। ये दर्दनाक हादसा भागलपुर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार में हुआ। मरने वाले बच्चों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 10 से 12 साल के बीच बतायी जा रही है।
.jpeg)
एक बच्चे को बचाने की कोशिश में गई छह की जान
जानकारी के मुताबिक, पर्व के मौके पर बच्चे पोखर में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में दूसरे बच्चे भी पानी में उतर गये। कुछ ही देर में छह बच्चे गहरे पानी में डूब गये। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद सभी बच्चों को पोखर से बाहर निकाला गया और सुलतानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

उत्साह का माहौल अचानक मातम में बदल गया
हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गयी। जिन परिवारों में पर्व को लेकर सुबह से उत्साह था, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मरने वालो में इन बच्चों के नाम शामिल हैं- ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार। बताया गया कि इनमें पांच बच्चे सुलतानगंज नगर परिषद के वार्ड 27 स्थित विष्णुटोला के रहने वाले थे, जबकि ज्योति कुमारी सबौर के रजंदीपुर की निवासी थी। सभी छह बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एक साथ छह बच्चों की मौत से सुलतानगंज और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढें: नशेड़ी बेटे ने मां को जिंदा जलाया, एलपीजी गैस से लगाई आग