द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दुल्ली घाट के दीवान मोहल्ले में शनिवार देर रात एक युवक पर अपनी 60 वर्षीय मां को आग लगाकर मार डालने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान रेखा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे चिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, रेखा देवी अपने बेटे चिंटू कुमार के साथ बसंत लाल के मकान में किराये पर रहती थीं। चिंटू ऑटो चलाता था और परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से नशे का आदी हो गया था। आरोप है कि शनिवार देर रात नशे की हालत में किसी विवाद के बाद उसने एलपीजी गैस की मदद से अपनी मां के शरीर में आग लगा दी। कमरे से धुआं निकलने पर आसपास के किरायेदारों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने कमरा खुलवाया तो रेखा देवी गंभीर रूप से जली हुई हालत में मिलीं, जबकि चिंटू उन्हें कमरे से बाहर खींचकर ला रहा था।
.jpeg)
पुलिस ने जांच कर आरोपी को किया गिरफतार
घटना की सूचना मिलने के बाद खाजेकलां पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के रिश्तेदार अमर साहनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए चिंटू पर अपनी मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेखा देवी का दाह संस्कार पुलिस की निगरानी में कराया गया।पटना सिटी के एसएसपी राजकिशोर के मुताबिक, वृद्धा की हत्या के आरोप में उसके बेटे चिंटू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था और नशे की हालत में विवाद के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को देखकर करने लगा अजीब हरकत
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी चिंटू कथित तौर पर विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा। एएसपी राजकिशोर सिंह और खाजेकलां पुलिस ने कमरे से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, युवक नशे का आदी है और घटना के वक्त भी नशे की हालत में था। इस घटना के बाद दुल्ली घाट और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है।
यह भी पढें: चितवन निकुंज के चर्चित हाथी रोनाल्डो की मौत, बिजली के तार की चपेट में आने से गई जान; 33 बच्चों का था पिता