पटना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित NDA घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने 'ज्ञान स्थली' गया में आयोजित NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि हम एक हैं और विधानसभा चुनाव में हम जीतेंगे। गया के गांधी मैदान में आयोजित विराट NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस सम्मेलन में सभी घटक दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। इस सम्मेलन के जरिए सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए इस गठबंधन को मजबूत बनाने का विश्वास अपने अध्यक्षों को दिया। इस संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में NDA के कई सांसद, विधायक और विधान पार्षद भी शामिल हुए।
सम्मेलन में आए NDA कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है, जो परिवारवाद और वंशवाद से दूर है। उन्होंने कहा कि आज हम विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के जज्बे का परिणाम है कि बिहार और देश में लगातार NDA की सरकार बन रही है और बिहार और देश विकास की उड़ान भर रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिया गया मंत्र 'एक हैं तो सेफ हैं' अब बिहार ही नहीं, देश के लिए 'महामंत्र' बन गया है। उन्होंने कांग्रेस सहित राजद पर समाज में भेदभाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस खुद को डूबती है और दूसरों को भी डूबो देती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकासवाद की नीति को देश में सराहा जा रहा है। आज बिहार विरासत के साथ विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस साल होने वाले चुनाव में भी NDA जीतेगी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से NDA की सरकार बनेगी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में 2005 के पहले सुशासन एक सपना था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कर के दिखाया है। न्याय के साथ विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार आज NDA के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी एकता बिहार और देश के विकास के लिए है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कई गठबंधन केवल सत्ता में आने के लिए बनते हैं, लेकिन हम विकास के लिए गठबंधन बनाते हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि NDA का लक्ष्य गरीब कल्याण है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि पहले भी गरीबों की बात होती थी, लेकिन गरीबों का विकास नहीं होता था। आज NDA जो कहती है, वह करती भी है। रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी NDA कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हम सब एक हैं और आने वाले चुनाव में यह एकता विरोधियों को परास्त करने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि इस साल होने वाला चुनाव बिहार के लिए अहम है।