द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Corruption Case: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सीतामढ़ी (Sitamarhi) के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर गुरुवार को छापेमारी की गई। इस दौरान जांच टीम को करीब 30 लाख रुपये नकद, 10 लाख रुपये के गहने और करोड़ों रुपये की जमीन व मकानों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। खास बात यह है कि पंचायत समिति सदस्य के रूप में अफजल आलम को हर महीने महज 10 हजार रुपये का भत्ता मिलता है।

30 लाख कैश और 10 लाख के गहने मिले
EOU की जांच में सामने आया है कि अफजल आलम ने पिछले पांच वर्षों के दौरान बड़ी संख्या में संपत्तियां खरीदी हैं। तलाशी के दौरान 14 जमीन और मकानों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड में दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ खरीदी गई 104 डिसमिल जमीन भी शामिल है। इस जमीन का निबंधन मूल्य करीब चार करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा अन्य जमीनों की कीमत भी करोड़ों रुपये में होने की आशंका है। इन सभी संपत्तियों का आकलन और सत्यापन किया जा रहा है।

12 बैंक खाते और 8 LIC पॉलिसियों के दस्तावेज मिले
छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों को अलग-अलग बैंकों के 12 खातों और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की आठ पॉलिसियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर अफजल आलम के खिलाफ ज्ञात आय से 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक है। बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद संपत्ति का कुल मूल्य और बढ़ने की संभावना है।
.jpeg)
दिसंबर 2021 में बने थे प्रखंड प्रमुख
EOU के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने थे। पंचायत समिति सदस्य के रूप में उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये भत्ता मिलता है। इसके बावजूद जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति अर्जित करने की बात सामने आई है। गुरुवार को डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में EOU की चार टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। टीम ने बाजपट्टी स्थित उनके पैतृक और निजी मकान, प्रखंड प्रमुख के सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई स्थित निजी आवास पर तलाशी ली। फिलहाल बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच जारी है। लोकसेवक के रूप में कर्तव्य से विचलन के आरोपों को लेकर पंचायत राज विभाग को भी जानकारी दी जा रही है।