logo

शराब कारोबार के विरोध में जिला पार्षद के पति की हत्या, भड़की भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग

शराब कारोबार के विरोध में जिला पार्षद के पति की हत्या, भड़की भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग

द फॉलोअप डेस्क: 
सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी और तोड़फोड़ की, वहीं गांव में ही एक आरोपी एजाज के घर में आग लगा दी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसपी अमित रंजन, एसडीएम समेत 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें इंस्पेक्टर अनिल राम और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। उग्र भीड़ ने डुमरा थाने में तालाबंदी की कोशिश की और पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया।

ग्रामीणों के भारी आक्रोश के बाद थाना अध्यक्ष हुए निलंबित 

इस मामले में लोगों के भारी आक्रोश के बाद डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने उन पर आरोपियों को बचाने और कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों के मुताबिक, 28 अगस्त की रात बदमाशों ने बैद्यनाथ महतो के घर पर हवाई फायरिंग की थी। घटना के बाद बैद्यनाथ थाने पहुंचे थे और पुलिस को दो खोखे भी सौंपे थे। इस मामले में एजाज, त्रिभुवन समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने और साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका यह भी कहना था कि पुलिस घटना का वीडियो मांग रही थी और उसके बाद कार्रवाई की बात कही जा रही थी।

शराब तस्करों से विवाद बनी हत्या की वजह  

बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो इलाके में शराब के कारोबार का विरोध कर रहे थे और इसी को लेकर उनका शराब तस्करों से विवाद चल रहा था। पुलिस फिलहाल इसी विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हत्या के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 
 

Tags - Sitamarhi News Sitamarhi Crime News Dumra News Dumra Police Baidyanath Mahato Murder Sitamarhi Murder Case