सारण/बिहार
सारण में रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाके का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप थी। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग घरों के बाहर सड़क किनारे और नाले के ऊपर बने हिस्से पर सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सो रहे लोगों पर चढ़ गया। घटना मशरक नगर पंचायत क्षेत्र स्थित तख्त दलित टोला का है।

महिला और बच्ची समेत सात लोग घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। उसी दौरान वहां से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महंतो ने लोगों की मदद के लिए आगे आए और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मशरक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया है। घायलों में पांच वर्षीय माही कुमारी, 70 वर्षीय गुलपति देवी, 70 वर्षीय कादित देवी, 17 वर्षीय राजा ठाकुर, 20 वर्षीय काजल देवी, 25 वर्षीय पवन ठाकुर और 28 वर्षीय लव कुश ठाकुर शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

फरार चालक की तलाश जारी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर तेज गति में था। जिससे कारण यह हादसा हुआ है। घटना के बाद से चालक मौके से फरार है। सूचना मिलते ही मशरक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली गांव स्थित एक टेंट हाउस का बताया जा रहा है। पुलिस चालक की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।