logo

गोलियों की आवाज से दहल उठा सदर अस्पताल, सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर घायल

FIRING1815.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के सहरसा स्थित सदर अस्पताल में बेखौफ अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। इस हमले में अस्पताल के सुरक्षा गार्ड के सुपरवाइजर संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घायल सुपरवाइजर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अपराधियों की पहचान के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे क्या कारण था।
सदर अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद अस्पताल के कर्मी और मरीजों के परिजन डर के साये में जी रहे हैं। सुरक्षा गार्डों ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सहरसा में अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है, और पुलिस को जल्द ही अपराधियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मामले में सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी एकत्रित कर रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

Tags - Biharbiharnewsbiharpostfiringsadarhospitalsecuritygaurd