द फॉलोअप,बिहार
RJD के सोशल मीडिया (X) पेज पर एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें एक व्यक्ति ने अस्पताल में मौजूद नर्स पर आरोप लगाया कि स्लाइन का बोतल खुद नहीं लगा कर वहां मरीज के साथ आई एक लड़की को बोली कि स्लाइन खुद चढ़ा लो। वहीं लड़की का कहना है कि नर्स, मरीज के बेड पर स्लाइन का बोतल फेंक कर चली गई। इसको लेकर राजद ने वीडियो पोस्ट कर सरकार को निशाना बनाया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स, सफाईकर्मी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी नौकरी मिलने के बाद अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं रहते। पोस्ट में दावा किया गया कि मरीजों और उनके परिजनों को कई ऐसे काम करने पड़ते हैं, जो अस्पताल कर्मियों के दायरे में आते हैं।
PMCH हो या बिहार का कोई भी सरकारी अस्पताल, यहां पर नर्स, डॉक्टर, सफाई कर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, टेक्नीशियन सभी का संघर्ष केवल नौकरी पाने तक है!
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) June 12, 2026
एक बार जैसे ही नौकरी मिल जाए उसके बाद सारी सेवा की भावना, उत्तरदायित्व और जीवन में संघर्ष... सब गायब!
कोई काम करने की जरूरत नहीं!
घाव… pic.twitter.com/VKYowNznP5
रिश्वतखोरी और शिकायत करने पर प्रताड़ना के आरोप
RJD ने आरोप लगाया कि अस्पतालों में इलाज से लेकर पोस्टमार्टम तक की प्रक्रिया में भ्रष्टाचार व्याप्त है। कई मामलों में सुविधा पाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। पार्टी ने यह भी दावा किया कि यदि कोई मरीज या परिजन शिकायत करता है या सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करता है, तो उसे प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। हालांकि इन आरोपों पर सरकार या स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना
राजद ने राज्य सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने में विफल रहने का आरोप लगाया। पार्टी ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। पार्टी का कहना है कि सरकार जनता को योजनाओं और आर्थिक सहायता के नाम पर संतुष्ट करने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत चिंताजनक बनी हुई है।