logo

राबड़ी देवी के कंगन गिफ्ट पर बढ़ा विवाद: EOU, ED और आयकर विभाग से जांच की मांग तेज

accid231.jpg

पटना/बिहार
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा भोजपुरी गायक छोटू छलिया को कंगन भेंट किए जाने का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने EOU, ED और आयकर विभाग को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक मंच पर दिए गए इस उपहार को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
कंगन की कीमत और खरीद के स्रोत पर सवाल
नीरज कुमार ने अपने पत्र में कंगन की वास्तविक कीमत, उसकी खरीद का स्रोत, भुगतान किस माध्यम से किया गया साथ ही आयकर नियमों का पालन हुआ है या नहीं, इन सबकी जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि कंगन खरीदने में इस्तेमाल की गई राशि का स्रोत स्पष्ट होना चाहिए। साथ ही यदि कंगन के मूल्य या उसकी प्रकृति को लेकर सार्वजनिक रूप से भ्रामक जानकारी दी गई है तो उस पहलू की भी जांच की जानी चाहिए।

लालू यादव के जन्मदिन समारोह से जुड़ा है मामला
दरअसल, 11 जून को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह में भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम के दौरान राबड़ी देवी ने अपने हाथों में पहने कंगन उतारकर उन्हें कंगन उपहार स्वरूप भेंट किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद कंगन की कीमत और उसकी प्रकृति को लेकर कई तरह के दावे सामने आने लगे। जदयू ने इस मामले में पारदर्शिता की मांग करते हुए जांच की मांग उठाई है। इस पर  RJD MLC सुनील सिंह ने कहा था कि राबड़ी देवी कभी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनती हैं। उन्होंने कहा कि हर चमकने वाली चीज हीरा नहीं होती। बिना पूरी जानकारी के विपक्षी दल इस मुद्दे को तूल दे रहे हैं। सुनील सिंह ने कहा था कि छोटू छलिया कोई बड़े भोजपुरी स्टार नहीं हैं। वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कलाकार अक्सर खुद को चर्चा में लाने के लिए बढ़ा-चढ़ाकर बातें करते हैं।

Tags - Rabri Devi Bihar political controversy bangles gift row EOU investigation demand