मोकामा
मोकामा एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। गुरुवार शाम यहां चुनाव प्रचार के दौरान जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बसावन चक गांव की है, जहां वे उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। गवाहों के मुताबिक, प्रचार के दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद हमलावरों ने दुलारचंद को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की गाड़ी पर भी गोलियों के निशान मिले हैं।
हत्या के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव फैल गया। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, और एएसपी, डीएसपी सहित कई थानों की टीम जांच में जुटी है। आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एएसपी को भेजा गया है।

इस बीच, हत्या के बाद सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। वीडियो में अनंत सिंह के भतीजे कर्मवीर सिंह को क्राइम स्पॉट पर देखा जा सकता है। क्लिप में वह घटनास्थल पर मौजूद नजर आ रहे हैं और कुछ गतिविधियां करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दुलारचंद यादव के परिवार ने इस हत्या के लिए सीधे अनंत सिंह और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, जनसुराज उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने भी आरोप लगाया है कि “दुलारचंद की हत्या एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है, जिसके पीछे अनंत सिंह और उनका कुनबा है।” पुलिस ने शुरुआती जांच में कहा है कि मौत “गाड़ी से कुचलने” से हुई है, लेकिन पैर में गोली लगने के निशान भी मिले हैं। एसएफएल टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। मोकामा विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह चुनाव मैदान में हैं, और अब इस वारदात ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है। इधर, अनंत सिंह ने घटना के लिए सूरजभान सिंह को जिम्मेवार ठहराया है।
