logo

आरा में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष, दिया एकजुटता का सबूत 

ARANDA27.jpg

आरा 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित NDA घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के दूसरे चरण की शुरुआत में आज आरा में इकट्ठा हुए। सभी ने NDA कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए एक स्वर में एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में न केवल हम जीतेंगे बल्कि विरोधियों को सीट के लाले पड़ जाएंगे।

आरा के रमना मैदान स्टेडियम में आयोजित विराट NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

इस सम्मेलन में विभिन्न प्रखंडों से जुटे हजारों कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में खड़े होकर एकजुट रहने का संकल्प लेते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर से सरकार बनाने को लेकर हुंकार भरी। इस संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्साहित कार्यकर्ता जोश के साथ शामिल हुए। इस सम्मेलन में कई सांसद, विधायक और विधान पार्षद भी उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया।

सम्मेलन में आए NDA कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। हमारे यहां पद और पैसे की पूजा नहीं होती। पूजा होती है तो त्याग और तपस्या की। कार्यकर्ता व्यक्ति नहीं विचार के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्वगुरु बनाने की ओर कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज NDA पूरी ताकत से एकजुट है। उन्होंने NDA कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि NDA को मजबूत करने के लिए अपने बूथ पर पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

उन्होंने कहा कि संगठन का निष्ठावान कार्यकर्ता ही हमारे बूथ की मुख्य पहचान है। हमारे कार्यकर्ता विचार पर केंद्रित हैं, व्यक्ति पर नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा हम भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सर्व समाज को साथ लेकर राष्ट्रवाद की राजनीति करते हैं। सबके प्रयास से देश और प्रदेश का विकास होगा। उन्होंने इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि स्वार्थी लोगों का सत्ता के लिए बना गठबंधन आज कहां बिखर गया, वह सबके सामने है। सत्ता के लिए एक दूसरे के खिलाफ ही जोरआजमाइश कर रहे हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर इशारों ही इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि NDA की सरकार के पहले के राजकाज को प्रदेश की जनता अभी भी नहीं भूली है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह ने NDA की ताकत बढ़ाई है। आज कार्यकर्ताओं का जुनून इस बात पर मुहर लगाने के लिए काफी है कि अगले विधानसभा चुनाव में हम न केवल जीत दर्ज करने जा रहे हैं बल्कि एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं।

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज बिहार ही नहीं देश की जनता का विश्वास NDA सरकार के प्रति बढ़ा है। लोगों को यह विश्वास हो गया है कि NDA ही सरकार में सुशासन स्थापित कर सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि NDA की प्राथमिकता समाज के निचले तबके का विकास और सर्वसमाज की चिंता होती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर NDA की सरकार बनेगी।

हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज विपक्ष हतोत्साहित होकर अनर्गल आरोप लगा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री 20 साल सत्ता में रहने के बावजूद भी आज प्रदेश के जिलों का दौरा कर रहे हैं और जो विकास के कार्य छूटे हैं उसे करने में लगे हैं। इधर, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी NDA कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि NDA की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi