द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों लगातार एनडीए सरकार पर हमलावर हैं। तेजस्वी ने आज सोशल मीडिया (X) पर एक पेपर में छपी विज्ञापन को पोस्ट कर सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं। दरअसल आज 16 अप्रैल को बिहार सरकार के ‘सूचना जनसंपर्क विभाग’ की तरफ से नीतीश कुमार (राज्यसभा सांसद) की तस्वीर के साथ अखबारों में फुल पेज विज्ञापन छपवाया गया। इस विज्ञापन पर तेजस्वी यादव ने सरकार पर पलटवार करते हुए कई सवाल उठाए।

तेजस्वी यादव ने उठाए कई सवाल
"ये वही बिहार है, जो देश का सबसे ग़रीब राज्य है जहां हर व्यक्ति पर औसतन 27,000 रूपये का कर्ज है। वही बिहार, जहां करीब 5 लाख सरकारी कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है। लेकिन ‘Selected CM’ के राज में राजनीति चमकाने के उद्देश्य से लाखों रूपये का विज्ञापन छपावाया गया। यह राज्य वासियों के पैसे का दुरूपयोग भी है। बिहार सरकार किस हैसियत से एक राज्यसभा सांसद की तस्वीर छाप सकती है? क्या पहले ऐसा कभी हुआ? नहीं, तो फिर क्या यह कोर्ट के आदेश का उल्लंघन नहीं है?"

नए मुख्यमंत्री को बधाई
हालांकि कल बुधवार को भी तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री को बधाई दी थी। साथ ही एनडीए सरकार पर तंज भी कसते हुए लिखा था कि
"सम्राट चौधरी जी द्वारा आज Elected मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा Selected मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री जी इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 21 वर्षों के NDA शासन उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है। आशा है कि नए Selected मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे।"