द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना के पीएमसीएच अस्पताल के डॉक्टर अजय कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पीएमसीएच के हॉस्टल में 7 जनवरी को लगी आग के बाद की गई, जहां से नीट परीक्षा के एडमिट कार्ड, जले हुए नोट और कई संदिग्ध कागजात मिले थे। डॉक्टर अजय बीते कई दिनों से फरार था, लेकिन पटना पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार किया और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
7 जनवरी को पटना मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (PMCH) के चाणक्य हॉस्टल के एक कमरे में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। जब कमरे की जांच की गई, तो वहां बड़ी संख्या में जले हुए नोट, नीट पीजी परीक्षा के एडमिट कार्ड, ओएमआर शीटें और अन्य संदिग्ध कागजात मिले थे। इसके बाद पीरबहोर थाना पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने तुरंत मौके से जले हुए नोट और एडमिट कार्ड जब्त कर लिए थे।
आग लगने के बाद से आरोपी डॉक्टर अजय कुमार सिंह फरार था और पुलिस उसकी तलाश में समस्तीपुर, वैशाली समेत अन्य कई जिलों में छापेमारी कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि वह पटना में हो सकता है, तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टर अजय कुमार सिंह मेडिकल परीक्षाओं में फर्जीवाड़े का काम कर रहा था और अवैध रूप से हॉस्टल में रह रहा था। पुलिस अब उसके गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। डॉक्टर से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।