logo

20 लाख वर्गफीट में पंडाल, 14 पार्किंग; बिहार में प्रधानमंत्री के स्वागत की ऐसी है तैयारी

20 लाख वर्गफीट में पंडाल, 14 पार्किंग; बिहार में प्रधानमंत्री के स्वागत की ऐसी है तैयारी

द फॉलोअप डेस्क:

PM Modi Vaishali Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी गांव (Jaffarpatti Village) में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहां करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल और पंडाल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री इस दौरान नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। साथ ही बिहार के 21 विभागों की 103 महत्वाकांक्षी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।

60 LED स्क्रीन से देख सकेंगे कार्यक्रम

प्रधानमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे सभास्थल पर बैठने की व्यवस्था के साथ 60 LED स्क्रीन लगायी गयी हैं, ताकि पंडाल के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद लोग भी कार्यक्रम को आसानी से देख सकें। वहीं, दूसरे जिलों से आने वाले लोगों के लिए रूट चार्ट जारी किया गया है। वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुल 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। बस, चारपहिया वाहन, बाइक और टोटो के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। सभी प्रमुख रास्तों पर दिशा बताने वाले संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। पार्किंग और सभा स्थल के आसपास फूड कोर्ट, सुधा पार्लर और दीदी की रसोई की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

सुरक्षा के लिए 100 मेटल डिटेक्टर, 30 अग्निशमन वाहन तैनात

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इनके जरिए प्रवेश करने वाले लोगों की जांच की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 30 अग्निशमन वाहन और 25 क्रेन तैनात रखे जाएंगे। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल पर कुल 540 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इनमें 300 शौचालय मुख्य सभा स्थल पर बनाए गए हैं, जिनमें 150 पुरुषों और 150 महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। वहीं, पार्किंग और अन्य स्थानों पर 240 शौचालयों की व्यवस्था की गयी है।

27 मेडिकल कैंप और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था

लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने 32 पेयजल टैंक, 17 बोरिंग और 180 रनिंग वाटर टैप की व्यवस्था की है। इसके अलावा, अलग-अलग स्थानों पर 140 वाटर डिस्पेंसर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 27 मेडिकल कैंप बनाए गए हैं। साथ ही 25 एंबुलेंस की तैनाती की गयी है, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य मार्गों पर मॉक रन और हेलिपैड से जुड़ी तैयारियों का परीक्षण भी किया जा रहा है। प्रशासन का पूरा जोर कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और आम लोगों की सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने पर है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News PM Modi Vaishali Visit Narendra Modi Bihar Visit PM Modi Rally 21 November