logo

Patna Police Didi : जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं, तो महिलाओं की सुरक्षा कैसे होगी? पटना में ‘पुलिस दीदी’ पर हमला

जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं, तो महिलाओं की सुरक्षा कैसे होगी? पटना में ‘पुलिस दीदी’ पर हमला

द फॉलोअप डेस्क:

Patna Police Didi: पटना में ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक (Khamnichak) इलाके की है, जहां ‘रोको-टोको’ अभियान के तहत गश्त कर रही सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी (Priyanka Kumari) के साथ एक युवक ने कथित तौर पर मारपीट की और उन्हें थप्पड़ मार दिया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में महिला पुलिसकर्मी एक युवक से बातचीत करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो जाता है और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। घटना के बाद महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर रामकृष्ण नगर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ें

युवक से विवाद के बाद मारपीट

जानकारी के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी अपनी पांच ‘पुलिस दीदियों’ के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। सुभाष चौक के पास कुछ युवकों को रोककर पूछताछ की जा रही थी, इसी दौरान यह विवाद हुआ। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पटना सदर के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 मनोज कुमार ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, युवक और महिला पुलिसकर्मी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

‘पुलिस दीदी’ की सुरक्षा पर सवाल

गौरतलब है कि पटना में ‘पुलिस दीदी’ पहल के तहत महिला पुलिसकर्मियों को खास तौर पर महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर तैनात इन पुलिसकर्मियों को कई बार सीधे लोगों से सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी अपनी सुरक्षा, बैकअप और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता की व्यवस्था भी अहम हो जाती है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: पटना में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी, APK फाइल डाउनलोड कराते ही खाते से उड़ाये 1.23 लाख

Tags - Bihar News Bihar Latest Updates Bihar Latest News Patna Police Didi Patna Woman Police Attacked