पटना
पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली गांव में देर रात एक वनस्पति और रिफाइन तेल के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आने लगा। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की 22 से अधिक गाड़ियों को मोर्चा संभालना पड़ा।
क्या वजह हो सकती है आग लगने की?
जानकारी के मुताबिक, 12:30 बजे यह घटना घटी थी। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। तेल का गोदाम होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी और पानी के साथ-साथ फोम कंपाउंड का इस्तेमाल किया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है। 
20 कड़ोड़ का नुकसान होने की आशंका
हालांकि आसपास मौजूद अन्य गोदामों को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ आग को फैलने से रोकने में जुटा रहा। गोदाम के मालिक ने ऑफ द कैमरा बताया कि गोदाम में करीब 1200 टन डालडा रखा हुआ था। शुरुआती आकलन के मुताबिक इस हादसे में लगभग 20 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मामले की जांच करेगी, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।