logo

नीतीश कुमार के आवास पहुंचे CM सम्राट चौधरी, PM मोदी के बिहार दौरे की तैयारियों पर मंथन

नीतीश कुमार के आवास पहुंचे CM सम्राट चौधरी, PM मोदी के बिहार दौरे की तैयारियों पर मंथन

द फॉलोअप डेस्क:
Nitish Setu Inauguration: बिहार (Bihar) के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास पहुंचे। इस दौरान नीतीश कुमार ने खुद दरवाजे पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। बातचीत का मुख्य मुद्दा 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।

पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी करेंगे नीतीश कुमार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। करीब 5,571 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। खासकर वैशाली, राघोपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है। वहीं, प्रधानमंत्री का वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest NewsNitish Setu Nitish Setu Inauguration PM Narendra Modi Bihar Visit