द फॉलोअप डेस्क
औरंगाबाद में समृद्धि यात्रा के पांचवें-फेज के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देव में 45 हजार रिक्त पड़े पदों पर शिक्षकों की बहाली करने को लेकर ऐलान किया है। आगे उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में 3 लाख 68 हजार नियोजित शिक्षक बहाल किए। बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से 2 लाख 68 हजार शिक्षकों की बहाली की गई। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज खोलने का भी ऐलान किया और कहा इसके लिए जमीन भी मिल गया है। सरकार ने मेडिकल कॉलेज के लिए 429 करोड़ रुपये राशि स्वीकृत की है। मेडिकल कॉलेज को लेकर उन्होंने कहा कि उसमें 100 सीट और 430 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। उसके लिए 33.77 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। सीएम ने कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं है वहां जुलाई 2026 से पढ़ाई प्रारंभ होगी। हालांकि उन्होंने औरंगाबाद में 202 सुधा बिक्री केंद्र खोलने की भी बात कही।
.jpg)
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने का लाभ जिले के लोगों को जरूर मिलेगा। ट्रॉमा सेंटर का निर्माण प्रगति पर है। समीक्षा के दौरान मैंने तेजी लाने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने देव में रिंग रोड बनाने को लेकर भी घोषणा की। इसके लिए सरकार ने 142.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। बता दें कि रिंग रोड की लंबाई करीब 13 किमी होगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन समेत कई बड़े दिग्गज नेता शामिल रहे।